बिलासपुर 24 जून 2026।बिलासपुर शहर का सिरगिट्टी थाना इन दिनों अपराध नियंत्रण से ज्यादा चर्चाओं के नियंत्रण को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। थाने से जुड़े कुछ ऐसे किस्से और दावे सामने आ रहे हैं, जिन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में चल रही चर्चाओं ने लोगों के बीच कई तरह की जिज्ञासाएं पैदा कर दी हैं।
सूत्रों की मानें तो थाने में कुछ पुलिसकर्मी पिछले कई वर्षों से जमे हुए हैं और उनके इर्द-गिर्द एक ऐसा तंत्र विकसित हो गया है, जिसे लोग व्यंग्य में “वसूली प्रबंधन प्रणाली” कहकर संबोधित कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस व्यवस्था में एक तथाकथित “लाइनर” की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, जो थाने और बाहरी गतिविधियों के बीच सेतु का काम करता है।
चर्चाओं का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जिस व्यक्ति को लेकर ये बातें कही जा रही हैं, उसका नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। सूत्र बताते हैं कि वर्षों पहले चकरभाठा क्षेत्र में पदस्थापना के दौरान उसे कथित रूप से छड़ चोरी से जुड़ी शिकायत में पकड़ा गया था। उस समय मामले को समझाइश देकर शांत कर दिया गया था। अब वही शख्स सिरगिट्टी क्षेत्र में प्रभावशाली भूमिका निभाता दिखाई दे रहा है।
ऐसे में आम लोगों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि चर्चाएं सही हैं, तो क्या अब व्यवस्था चलाने की जिम्मेदारी उन्हीं लोगों के हाथों में है जिन पर कभी सवाल उठ चुके हैं? क्या अनुभव का यह नया पैमाना है कि पुराने विवाद भविष्य की योग्यता बन जाएं?
व्यंग्यकार भी इस पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि शायद अब पुलिस विभाग में “फील्ड एक्सपीरियंस” की परिभाषा बदल गई है। पहले अपराध रोकने का अनुभव महत्वपूर्ण माना जाता था, अब चर्चा यह है कि अपराधियों और सिस्टम के बीच तालमेल का अनुभव ज्यादा उपयोगी साबित हो रहा है।
फिलहाल ये तमाम बातें चर्चाओं और सूत्रों के हवाले से सामने आ रही हैं। यदि इनमें सच्चाई है तो संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, और यदि आरोप निराधार हैं तो अफवाहों पर भी विराम लगना जरूरी है। क्योंकि कानून का सम्मान तभी बना रहता है, जब कानून लागू करने वाली व्यवस्था सवालों से ऊपर दिखाई दे।
0 Comments