Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सुशासन के दावों पर सवाल, बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा का प्रशासन पर हमला, 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी...



बिलासपुर 15 मई 2026।बिलासपुर बेलतरा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, अधूरे निर्माण कार्यों और बढ़ते सड़क हादसों को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर अशोकनगर,बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


ज्ञापन में बताया गया है कि अशोकनगर,बिरकोना मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गर्मी के दिनों में उड़ती धूल से स्थानीय नागरिकों को सांस एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बारिश के दौरान सड़क कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाती है। इससे आमजन का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्यों में भी भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, सड़क किनारे बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों की कमी के कारण हाल के दिनों में कई हादसे हो चुके हैं। कई दुर्घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिससे संबंधित विभागों की लापरवाही उजागर हुई है।
स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने बताया कि प्रशासन की निष्क्रियता को देखते हुए उन्होंने स्वयं रेडियम और बांस लगाकर गड्ढे को चारों ओर से घेरा, जिसके बाद दुर्घटनाओं में कुछ कमी आई। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग अब तक मौके पर सक्रिय नजर नहीं आए हैं।अंकित गौरहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments