बिलासपुर 20 सितंबर 2026।बिलासपुर शहर की सड़कों पर इन दिनों यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी और नियमों को ठेंगा दिखाने वालों के बीच जैसे लुका-छिपी का खेल चल रहा है। इसी बीच एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने बिलासपुर की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर खुलेआम खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। कभी बाइक की सीट पर लेटकर, कभी बाइक पर खड़े होकर तो कभी दोनों हाथ हैंडल से हटाकर युवक सड़क पर करतब दिखाता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि युवक सिविल लाइन क्षेत्र से लेकर गोलबाजार तक कई किलोमीटर तक इसी अंदाज में बाइक दौड़ाता रहा,यानी मामला किसी सुनसान गली का नहीं, बल्कि शहर की व्यस्त सड़कों का है, जहां हर वक्त वाहन और पैदल राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में युवक का स्टंट महज रोमांच नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे हर व्यक्ति के लिए संभावित खतरा बन गया,
दिलचस्प बात यह है कि बिलासपुर पुलिस लगातार स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई का दावा करती रही है, लेकिन वायरल वीडियो देखकर लगता है कि कुछ स्टंटबाजों को शायद पुलिस की कार्रवाई से ज्यादा अपनी ‘कलाबाजी’ पर भरोसा है। सड़क को मानो इन्होंने यातायात मार्ग नहीं, बल्कि अपना निजी स्टंट मैदान समझ लिया है।
सवाल यह भी है कि अगर युवक कई किलोमीटर तक व्यस्त सड़कों पर इस तरह बाइक दौड़ाता रहा, तो यातायात पुलिस की निगरानी व्यवस्था उस समय कहां थी? क्या प्रमुख मार्गों पर तैनात जवानों की नजर ऐसे खतरनाक करतबों तक नहीं पहुंची? अगर पहुंची, तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई? बहरहाल, वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस के सामने चुनौती है कि कैमरे में कैद इस ‘स्टंट शो’ का अगला सीन कार्रवाई का होता है या फिर मामला सिर्फ वायरल वीडियो तक ही सीमित रह जाता है। स्टंटबाजी पर कार्रवाई जरूरी है, क्योंकि सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। अब देखना होगा कि बिलासपुर पुलिस वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर कब और क्या कार्रवाई करती है।
0 Comments