बिलासपुर 24 सितंबर 2026।बिलासपुर शहर में अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। अवैध शराब, नशे और रेत के कारोबार पर पुलिस कार्रवाई की खबरें भी सामने आती रहती हैं। लेकिन दूसरी तरफ कोनी थाना क्षेत्र से सामने आ रही कथित वसूली की चर्चाएं पुलिस महकमे के लिए असहज सवाल खड़े कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, कोनी थाने में पदस्थ एक आरक्षक इन दिनों कथित रूप से थाना क्षेत्र में अपनी अलग ‘व्यवस्था’ चलाने को लेकर चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि उक्त आरक्षक पहले कोटा, रतनपुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में भी पदस्थ रह चुका है और वहां भी कथित वसूली को लेकर चर्चाओं में रहा है। अब कोनी में पदस्थापना के बाद उनकी कथित ‘वसूली सेवा’ का दायरा रेत कारोबार तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि कोनी थाना क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों से प्रति माह पांच से दस हजार रुपये तक की रकम वसूले जाने की चर्चा है। इतना ही नहीं, आरोप है कि यदि कोई दूसरा पुलिसकर्मी रेत से भरे ट्रैक्टर पर कार्रवाई करने पहुंचता है तो संबंधित आरक्षक कथित तौर पर उसकी शिकायत थाना प्रभारी से कर देता है।
यानी कोनी में नियम-कायदे भी शायद ‘ड्यूटी रोस्टर’ देखकर लागू होते हैं,एक कार्रवाई करे तो परेशानी और दूसरा कथित वसूली करे तो मेहरबानी! हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला यहीं खत्म नहीं होता। सूत्रों ने कुछ समय पहले ग्राम पौसरा से जुड़े कथित गांजा मामले को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। दावा है कि कार्रवाई के बजाय कथित तौर पर रकम लेकर मामला हल कर दिया गया और मामूली कार्रवाई के बाद प्रकरण को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया,इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इन चर्चाओं के बीच बड़ा सवाल यह है कि आखिर कोनी थाना किसके निर्देश पर चल रहा है? थाना प्रभारी की भूमिका क्या है? क्या उन्हें इन कथित गतिविधियों की जानकारी है? अगर जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई और अगर जानकारी नहीं है तो थाना क्षेत्र की गतिविधियों पर निगरानी कौन रख रहा है?
एसएसपी रजनेश सिंह की सख्त कार्यशैली के बीच कोनी थाने की ये कथित ‘वसूली व्यवस्था’ पुलिस विभाग के लिए जांच का विषय जरूर बनती है। अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराते हैं या फिर कोनी में कथित ‘अपना सिस्टम’ इसी तरह चलता रहता है।
0 Comments