बिलासपुर 22 सितम्बर 2026।बिलासपुर शहर की राजनीति में एक ऐसे नेता की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है, जो खुद को शहर की सियासत का बड़ा चेहरा मानते हैं और अब अपने क्षेत्र की राजनीति में और बड़ी भूमिका की तैयारी में बताए जा रहे हैं। नेता जी की खासियतों की फेहरिस्त लंबी है,इतनी लंबी कि अगर सुनने बैठ जाएं तो चाय ठंडी और इंतजार खत्म होने का नाम ही न ले! नेता जी की सबसे चर्चित आदत है मिलने वालों को इंतजार करवाना, कहा जाता है कि नेता जी देर रात तक सक्रिय रहते हैं, लिहाजा सुबह उनकी नींद भी देर से खुलती है। अब आम आदमी की समस्या यह है कि नेता जी की दिनचर्या अपनी जगह, लेकिन जनता का समय भी आखिर कोई चीज है। सवाल उठता है कि जब शहर के नेता जी से मिलने में घंटों इंतजार करना पड़ता है, तो बड़े नेता बनने के बाद यह इंतजार कितना लंबा होगा? नेता जी के पुराने किस्से भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने रहते हैं। कभी ‘बावन परियों’ के शौक की चर्चा थी, लेकिन जमाना बदला तो आदतें बदलना भी जरूरी समझा गया, अब इन पुराने किस्सों की सच्चाई क्या है, यह तो नेता जी ही बेहतर बता सकते हैं। स्कूल लाइफ की शरारतों के किस्से भी कम दिलचस्प नहीं हैं। चर्चाओं में दावा किया जाता है कि नेता जी उस दौर में काफी ‘मददगार’ हुआ करते थे और परीक्षा से पहले कुछ विद्यार्थियों तक पेपर पहुंचाने की बातें भी कही जाती हैं। बदले में उनकी अपनी ‘कमाई’ का भी इंतजाम हो जाता था,हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। इसलिए सवाल वही है,क्या यह सिर्फ किस्से हैं या इनके पीछे कोई सच भी है?
नेता जी की एक और कथित खासियत है,जमीन से गहरा जुड़ाव, राजनीति के साथ जमीन से जुड़े काम में भी उनकी दिलचस्पी की चर्चाएं होती रही हैं। यही वजह है कि मजाक में समर्थक उन्हें ‘जमीन से जुड़ा नेता’ तक कह देते हैं। हालांकि जमीन से जुड़ी चर्चाओं में कुछ पुराने विवाद और कानूनी प्रसंगों का जिक्र भी सुनने को मिलता है, जिन पर नेता जी का पक्ष सामने आना जरूरी है।
अब असली सवाल यह है कि नेता जी अपने क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक कद हासिल करना चाहते हैं तो जनता उन्हें किस नजर से देखती है?
आम जनता का सवाल,बड़ा नेता बनेंगे तो मुलाकात कब होगी?
लोगों का सवाल सीधा है,अगर अभी मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, तो बड़े नेता बनने के बाद क्या जनता को सुबह मिलने के लिए रात तक इंतजार करना पड़ेगा? दूसरा सवाल फोन को लेकर है। चर्चा है कि नेता जी आम लोगों के साथ-साथ मीडिया से जुड़े लोगों के फोन का भी कई बार जवाब नहीं देते। ऐसे में सवाल उठता है कि जब नेता जी और बड़े हो जाएंगे, तब फोन उठेगा या फिर मोबाइल भी ‘जनता की पहुंच से बाहर’ घोषित हो जाएगा? बहरहाल, राजनीति में कद बड़ा करने की कोशिश हर नेता करता है, लेकिन असली कसौटी जनता के बीच पहुंच, उपलब्धता और जवाबदेही की होती है। नेता जी बड़े नेता बनेंगे या नहीं, यह फैसला आखिरकार जनता और समय करेगा,और हां… नेता जी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। पुराने किस्सों की पोटली में अभी कई पन्ने बाकी बताए जाते हैं। उन पन्नों में क्या है,यह जानने के लिए इंतजार कीजिए अगले अंक का।
0 Comments