बिलासपुर, 23 अप्रैल 2026।बिलासपुर NSUI (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) ने बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित नारायणा ई-टेक्नो स्कूल और उसकी विभिन्न शाखाओं के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितता और अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए हैं। संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव और संचालक को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ NSUI के पूर्व प्रदेश सचिव सोहराब खान, जिला उपाध्यक्ष गौरव सिंह परिहार और शान सिंह ठाकुर शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि उन्होंने आरोपों से जुड़े पर्याप्त दस्तावेज और सबूत प्रस्तुत किए हैं।
संचालक ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संगठन की पहल की सराहना की और स्कूल व्यवस्था में सुधार हेतु सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया, NSUI ने अपने ज्ञापन में कई अहम बिंदुओं को उजागर किया है। संगठन के अनुसार, स्कूल का संचालन लीज पर लिए गए भवनों में किया जा रहा है, जिससे संस्था के स्थायित्व और जवाबदेही पर सवाल खड़े होते हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर किसी जिम्मेदार पदाधिकारी या गारंटर की अनुपस्थिति को भी चिंताजनक बताया गया है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन छत्तीसगढ़ शिक्षा नियमों और मध्यप्रदेश सोसायटी पंजीयन अधिनियम, 1973 (धारा 63) का पालन नहीं कर रहा है। वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कहा गया कि विद्यालय का कोई स्थानीय बैंक खाता नहीं है और अभिभावकों से ली जाने वाली फीस सीधे केंद्रीय खातों में ट्रांसफर की जा रही है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं।नियुक्तियों को लेकर भी NSUI ने गंभीर आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि कार्यकारिणी समितियों में स्वतंत्र सदस्यों के बजाय वेतनभोगी कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिससे निष्पक्ष निगरानी संभव नहीं हो पा रही है। NSUI ने मांग की है कि स्कूल के कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन (KYC) और PF/ESIC अनुपालन की गहन जांच कराई जाए, प्रदेश महासचिव अर्पित केशरवानी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र हितों की रक्षा के लिए संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
0 Comments