जांजगीर-चांपा 11 मार्च 2026।जांजगीर क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी समेत कुल 9 लाख 54 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि घटना की जांच के दौरान साइबर टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों का महत्वपूर्ण सुराग मिला और पुलिस उन्हें पकड़ने में सफल रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र में नहर किनारे और सुनसान इलाकों में स्थित मकानों की रेकी करता था। 26 फरवरी 2026 की रात तीनों आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे और एक सूने मकान को निशाना बनाया,आरोपियों ने पास में बन रहे मकान से लोहे की रॉड लेकर दीवार फांदी और देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच घर में घुसकर दरवाजे और अलमारी का ताला तोड़ दिया, इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर फरार हो गए,
चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट ली, जबकि जेवर मुख्य आरोपी अपने पास रखकर बाद में बांटने की बात कहकर बिलासपुर लौट गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने जीत कुमार सूर्यवंशी (22), गीता प्रसाद साहू (37) और सूरज सोनी (34) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी और 3600 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। चोरी के जेवरों को बेचने में आरोपियों ने आपस में मिलकर बिचौलिये की भूमिका निभाई थी,पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी योगिताबाली खपर्डे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई, मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता सामने आई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
0 Comments