बिलासपुर 11 मार्च 2026।बिलासपुर “एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज के 14वें चरण की शुरुआत बिलासपुर में हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत गुजरात पुलिस के जिला पोरबंदर से 15 अधिकारी और कर्मचारियों का दल मंगलवार को बिलासपुर पहुंचा,आगमन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत करते हुए सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया है।
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर पुलिस द्वारा अपनाई जा रही कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण के लिए बनाई गई रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों और सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी गई, इस पहल का मुख्य उद्देश्य दोनों राज्यों की पुलिस के बीच अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान कर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाना है।
पोरबंदर से आए अधिकारी और कर्मचारी आगामी 20 दिनों तक बिलासपुर रेंज और विशेष रूप से जिला बिलासपुर में पुलिस की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे, इस दौरान उन्हें थाना और चौकी की कार्य प्रणाली, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण तथा जिले की भौगोलिक स्थिति और अपराध की प्रकृति के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा जिले में संचालित “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों से भी उन्हें अवगत कराया जाएगा, कार्यक्रम के तहत माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझा जा सके।इस दौरान पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के समन्वित कार्यों की जानकारी भी साझा की जाएगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments