Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

एसएसपी रजनेश सिंह की सटीक रणनीति से अंतरराज्यीय लूट गिरोह ध्वस्त, करोड़ों की ज्वेलरी बरामद...

बिलासपुर, 23 फरवरी 2026। बिलासपुर “महालक्ष्मी ज्वेलर्स” के संचालक पर प्राणघातक हमला कर करोड़ों की ज्वेलरी व कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने किया, जिनकी सटीक रणनीति, त्वरित निर्णय क्षमता और सतत मॉनिटरिंग से सात शातिर आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए।

घटना के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर टेक्निकल व लोकल इनपुट पर काम शुरू कराया। एसीसीयू, थाना सरकण्डा, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की संयुक्त कार्रवाई से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। फरार आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भागे, जहां मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लूट की शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।बरामद सामग्री में 5.33 लाख रुपये नगद, 2 किलो से अधिक सोना, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, 6 धारदार चाकू, 6 मोबाइल तथा मारुति ईको, रेनॉल्ट क्विड और महिंद्रा स्कॉर्पियो सहित तीन वाहन शामिल हैं। आरोपियों ने पूछताछ में प्रॉपर्टी विवाद के चलते कारोबारी की हत्या की सुपारी, होटल कारोबारी से लूट के प्रयास तथा सदर बाजार में ज्वेलर्स की दुकान की तिजोरी लूटने की साजिश का भी खुलासा किया।
पूरे ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, सीएसपी निमितेश सिंह सहित अनेक अधिकारियों व जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने भी टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में की गई इस त्वरित व पेशेवर कार्रवाई ने न केवल संगठित अपराध पर सख्त संदेश दिया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ता से कार्य कर रही है।

Post a Comment

0 Comments