Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

कोनी थाने में ‘वसूली मॉडल’! रेत ट्रैक्टरों से कथित वसूली की चर्चा, आरक्षक पर उठे सवाल...,एसएसपी का सख्त अंदाज कायम, लेकिन थाने के अंदर कथित वसूली तंत्र पर कब पड़ेगी नजर?...


बिलासपुर 29 सितंबर 2026।बिलासपुर शहर में अवैध कारोबार पर लगाम लगाने और पुलिस की छवि सुधारने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह लगातार सख्ती का संदेश दे रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर कोनी थाना क्षेत्र से सामने आ रही चर्चाएं पुलिस की इसी सख्ती पर सवाल खड़े कर रही हैं। आरोप है कि थाने में पदस्थ एक आरक्षक इन दिनों कथित तौर पर अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों से वसूली को लेकर चर्चा में है।
सूत्रों के मुताबिक, कोनी क्षेत्र में रेत परिवहन करने वाले कुछ ट्रैक्टर चालकों के बीच उक्त आरक्षक की कथित वसूली को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। दावा यह भी किया जा रहा है कि रोजाना रेत ट्रैक्टरों से कथित वसूली का ‘हिसाब-किताब’ चल रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस विभाग की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दिलचस्प बात यह है कि सूत्र इसी आरक्षक के पूर्व पदस्थापना वाले थानों को लेकर भी इसी तरह की चर्चाओं का हवाला दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि कोटा और रतनपुर में पदस्थ रहने के दौरान भी उसके नाम को कथित वसूली की चर्चाओं से जोड़ा जाता रहा है। अब सवाल यह है कि अगर पुराने चर्चित किस्से कोनी तक भी पहुंच गए हैं, तो क्या इसे महज संयोग माना जाए या फिर किसी कथित ‘वसूली नेटवर्क’ का विस्तार?
एक तरफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई के लिए सख्त निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ यदि उन्हीं के विभाग का कोई कर्मचारी अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों से कथित लेन-देन को लेकर चर्चा में है, तो यह विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब निगाहें पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों पर हैं। क्या इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी? क्या रेत परिवहन से जुड़े कथित वसूली नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी? या फिर कोनी थाने का यह ‘वसूली मॉडल’ यूं ही चलता रहेगा और साहब के सख्त आदेश रास्ते में ही दम तोड़ते रहेंगे?
फिलहाल सवाल सिर्फ एक आरक्षक का नहीं, बल्कि उन आदेशों की निगरानी का भी है, जिनके जरिए पुलिस विभाग अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का दावा करता है।

Post a Comment

0 Comments