जांजगीर चांपा 26 फरवरी 2026।जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस के अनुसार चोर,उठाईगिरी गिरोह इन दिनों बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दे रहा है।
बदमाश खुद को “क्राइम ब्रांच पुलिस” बताकर लोगों को रोकते हैं और आगे पुलिस चेकिंग होने की बात कहकर उनके सोने के गहने उतरवा लेते हैं।हाल ही में बिलासपुर क्षेत्र में ऐसे मामलों की जानकारी सामने आई है, जहां आरोपियों ने पुलिसकर्मी बनकर लोगों को झांसा दिया, गिरोह के सदस्य कहते हैं कि “आगे सख्त चेकिंग चल रही है, अभी गहने उतारकर सुरक्षित रख लें”, और इसी बहाने सोने की चेन,अंगूठी समेत अन्य आभूषण लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक पुलिस कभी भी चेकिंग के नाम पर किसी व्यक्ति के पहने हुए गहने नहीं उतरवाती है,यदि कोई खुद को क्राइम ब्रांच या पुलिस अधिकारी बताकर इस तरह की मांग करता है, तो वह निश्चित रूप से संदिग्ध है।जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे या इस प्रकार की घटना घटित हो, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में सूचना दें, साथ ही साथ सार्वजनिक स्थानों पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और बिना पुष्टि के किसी को भी अपनी कीमती वस्तुएं न सौंपें,पुलिस का कहना है कि गिरोह की तलाश तेज कर दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। नागरिकों की सतर्कता ही इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने में सबसे बड़ी भूमिका है।
0 Comments