बिलासपुर 26 फरवरी 2026।बिलासपुर राजकिशोर नगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई चर्चित लूट और इसके कुछ दिन बाद सीपत क्षेत्र में घटी वारदात के मद्देनजर बिलासा गुड़ी के चेतना हॉल में पुलिस और सराफा व्यापारियों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में रजनेश सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) ने व्यापारियों को विस्तृत सुरक्षा मापदंडों की जानकारी दी।
बैठक से पूर्व सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन गोल्ड’ की सफलता पर पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया गया। महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड के अंतरराज्यीय गिरोह को 24 घंटे के भीतर पकड़ने पर रामगोपाल गर्ग (आईजी), रजनेश सिंह (एसएसपी), पंकज पटेल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) सहित 11 सदस्यीय टीम को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस का सहयोग भी सराहनीय रहा।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और रणनीति बनाकर अपराधियों तक पहुंच बनाई। टीमवर्क और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर गिरोह को पकड़कर लूटा गया सामान बरामद किया गया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने व्यापारियों को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, दुकानों में सुरक्षा अलार्म सिस्टम मजबूत करने और सोने-चांदी के सामान को रोजाना लाने-ले जाने के बजाय सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने आश्वस्त किया कि एसएसपी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। अप्रैल में सदस्यता नवीनीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले व्यापारियों की सदस्यता न बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।
0 Comments