बिलासपुर 20 जून 2026।बिलासपुर जिले में कोयला चोरी और मिलावट के चर्चित मामले में सकरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार सिंह (36 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, लोखंडी के प्रतिनिधि आर.के. पाण्डेय ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि दीपका कोल माइंस से एफ/जी ग्रेड का कोयला कंपनी के लिए मंगवाया गया था। 10 जून की सुबह तीन ट्रेलर क्रमांक CG10BQ8285, CG12BL6247 और CG12BL6251 कोयला लेकर प्लांट पहुंचे, लेकिन लैब परीक्षण में पाया गया कि कोयला निर्धारित एफ/जी ग्रेड का नहीं था।
जब ट्रेलर चालकों से पूछताछ की गई तो उन्होंने खुलासा किया कि एफ ग्रेड के कोयले की चोरी कर उसमें निम्न गुणवत्ता वाला कोयला मिलाया गया था। इस पूरे खेल को बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक और प्लांट सुपरवाइजर की मिलीभगत से अंजाम दिया गया था। पुलिस ने इसे सुनियोजित आपराधिक साजिश मानते हुए अपराध क्रमांक 552/2026 के तहत धारा 116(3), 117(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया,जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में शामिल छह आरोपियों आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी, गौरव राजपूत, सीबु खान और दिलीप कुमार यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं आरोपी अजय कुमार सिंह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था,सकरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया, पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया,पुलिस का कहना है कि कोयला चोरी और मिलावट से जुड़े मामलों में शामिल अन्य संदिग्धों की भी जांच जारी है तथा पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
0 Comments