बिलासपुर 26 फरवरी 2026।बिलासपुर थाना सकरी पुलिस ने तेज रफ्तार थार वाहन में शराब के नशे में चाकू लहराते घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी अनहोनी टाल दी। मामला अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
25 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थार क्रमांक CG10 BW 6664 में सवार तीन युवक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए एक्सीडेंट कर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने आसमा सिटी फेस-2, मेन्ड्रा रोड के पास वाहन को रोका। पुलिस को देखकर आरोपी कार छोड़कर हाथों में धारदार चाकू लहराते हुए भागने लगे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से एक थार वाहन एवं तीन धारदार चाकू जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में ईशांत सिंह मण्डलोई उर्फ निशांत उर्फ प्रिंस (24 वर्ष), शैलेन्द्र उर्फ मोनू सिंह (33 वर्ष) और राहुल तिवारी (26 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी , ए एस आई सुरेंद्र तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही है।
0 Comments