बिलासपुर 20 फरवरी 2026।बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र के खमरिया में स्थित रमेश ज्वेलर्स एक बार फिर सुर्खियों में है,और वजह वही पुरानी, कानून-व्यवस्था की पोल खोलती लूट?? दुकान संचालक विनय सोनी जैसे ही शटर बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी बाइक में सवार तीन बदमाश फिल्मी अंदाज़ में पहुंचे और जमीन पर रखे दो बैग उठाकर ऐसे फरार हुए मानो उन्हें पहले से पूरी पटकथा थमा दी गई हो,
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 8 से 10 किलो चांदी और लगभग 60 ग्राम सोना लेकर अकलतरा,बलौदा की दिशा में निकल गए, सवाल यह है कि आखिर लुटेरों को इतनी सटीक जानकारी कैसे मिली? क्या इलाके में ‘रेकी’ की खुली छूट है या फिर बदमाशों को भरोसा था कि पुलिस की प्रतिक्रिया वही होगी,घटना के बाद पहुंचना, घेरा बनाना और “जांच जारी है” का रटा-रटाया बयान देना?
घटना के बाद पुलिस मौके पर जरूर पहुंची, नाकेबंदी भी की गई, संदिग्धों की तलाश भी जारी है,लेकिन यह सब तब, जब बदमाश आराम से जिला पार करने की तैयारी में होंगे। तीन दिन के भीतर दूसरी लूट की वारदात ने व्यापारियों में दहशत फैला दी है।
सवाल उठ रहे हैं कि क्या पेट्रोलिंग सिर्फ कागज़ों में हो रही है? क्या सीसीटीवी मॉनिटरिंग और खुफिया तंत्र सिर्फ मीटिंगों तक सीमित हैं?वही व्यापारियों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो दुकानों पर ताले पहले लगेंगे और भरोसा बाद में टूटेगा,फिलहाल खमरिया में चर्चा यही है,बदमाशों की बाइक तेज है या पुलिस की नींद गहरी?
जांच जारी है, बयान जारी है… बस लुटेरे अब भी आज़ाद हैं।
0 Comments