जांजगीर चांपा 19 फरवरी 2026।जांजगीर-चांपा दिन-दहाड़े 2.5 लाख रुपये की लूट की गुत्थी सुलझाते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। बिहार के कटिहार जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत दो अन्य फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक यादव (36) और अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28), निवासी नया टोला जोराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के जांजगीर, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर और सारंगढ़ समेत विभिन्न जिलों में 7 वारदातों में कुल 9 लाख 83 हजार रुपये की लूट स्वीकार की है।
मामला 13 फरवरी 2026 का है, जब ग्राम धरदेई निवासी प्रार्थी पामगढ़ स्थित एसबीआई से 2.5 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहा था। शिवरीनारायण क्षेत्र में आरोपियों ने पीछा कर रकम लूट ली। अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 309(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर साइबर टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का सुराग बिलासपुर तक मिला। पुराना बस स्टैंड स्थित एक लॉज में ठहरने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
आरोपी बैंक में बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी कर उनका पीछा करते थे तथा केंवाच पाउडर का उपयोग कर भ्रमित कर लूट को अंजाम देते थे। पुलिस ने 10,500 रुपये नकद, दो चोरी की मोटरसाइकिलें, चार फर्जी आधार कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।पुलिस ने आम नागरिकों से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहने और ऑनलाइन लेनदेन को प्राथमिकता देने की अपील की है।
0 Comments