जांजगीर चांपा 21फरवरी 2026। जांजगीर-चांपा होली त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने आदतन बदमाशों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में बम्हनीडीह क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई झेल रहे आदतन गुंडा बदमाश रजत उर्फ गोलू दीवान (31 वर्ष), पिता हरिहर दीवान, निवासी बम्हनीडीह को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी बिक्री के लिए गांजा रखे हुए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा के नेतृत्व में थाना बम्हनीडीह एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बिर्रा मेन रोड, चारपारा रोड के पास घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4.774 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2,40,000 रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया।
आरोपी रजत उर्फ गोलू दीवान के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे 21 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वर्तमान में उसके खिलाफ एक वर्ष के लिए जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
विजय पांडेय (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिलेभर में निगरानी बदमाशों पर सतत नजर रखी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि असामाजिक तत्व अवैध गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments