बिलासपुर 01 जनवरी 2026 ।बिलासपुर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है। भाजयुमो बिलासपुर के जिला उपाध्यक्ष महर्षि बाजपेयी ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि इस बजट में देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। बजट विशेष रूप से युवा शक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और ग्रामीण विकास पर केंद्रित है।
शिक्षा के क्षेत्र में हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना की घोषणा से छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उच्च शिक्षा के लिए महिलाओं को बेहतर और सुरक्षित आवास सुविधा मिल सकेगी। कौशल विकास के अंतर्गत देश के 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10 हजार टूरिस्ट गाइड्स को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे बस्तर और सरगुजा जैसे पर्यटन क्षेत्रों को रोजगार और पर्यटन दोनों में बढ़ावा मिलेगा।स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर के इलाज की 17 नई दवाओं पर कस्टम ड्यूटी घटाने से इलाज सस्ता होगा, जिससे राज्य के मरीजों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही देश में 3 नए आयुर्वेद कॉलेज और 3 फार्मास्यूटिकल शिक्षा संस्थान खोलने की घोषणा की गई है, जिनमें छत्तीसगढ़ की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
रेलवे और कनेक्टिविटी के लिए खरसिया–नवा रायपुर–परमलकसा तथा रावघाट–जगदलपुर रेल लाइनों के लिए फंड बढ़ाया गया है। अमृत स्टेशन योजना के तहत रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सहित 32 स्टेशनों का कायाकल्प तेज होगा। वहीं, कृषि क्षेत्र में ‘भारत-विस्तार’ एआई टूल के जरिए छत्तीसगढ़ी सहित स्थानीय भाषाओं में किसानों को सलाह मिलेगी। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत ग्राम पंचायतों में यूपीआई और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के विशेष प्रावधान भी किए गए हैं।
0 Comments