बिलासपुर 16 फरवरी 2026।बिलासपुर खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। बिलासपुर युथ क्लब द्वारा आयोजित बिलासपुर प्रीमियर लीग (BPL) का शुभारंभ सोमवार 16 फरवरी से होने जा रहा है। शहर में पहली बार इस टूर्नामेंट को आईपीएल की तर्ज पर भव्य रूप दिया गया है, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस बार लीग में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खास बात यह है कि टूर्नामेंट से पहले 200 खिलाड़ियों का ऑक्शन आयोजित किया गया, जिसने आयोजन को पेशेवर अंदाज दे दिया। ऑक्शन में खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। सबसे अधिक चर्चा में रहे खिलाड़ी हैदर, जिन्हें 25 हजार पॉइंट्स में खरीदा गया। यह इस सीजन की सबसे बड़ी बोली मानी जा रही है।
उद्घाटन मुकाबला आरव 11 और योद्धा 11 के बीच खेला जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन तीन मैच खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को लगातार रोमांच देखने को मिलेगा। लीग का उद्देश्य शहर के युवाओं को मंच देना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक धर्मजीत सिंह कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपक सिंह ठाकुर उपस्थित रहेंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान भी समारोह में शामिल होंगे।
शहर में क्रिकेट को लेकर बढ़ते जुनून के बीच बिलासपुर प्रीमियर लीग को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। माना जा रहा है कि यह आयोजन आने वाले समय में बिलासपुर की खेल पहचान को नई दिशा देगा।
0 Comments