बिलासपुर, 16 फरवरी 2026।शहर में इन दिनों चल रहे टी-ट्वेंटी वॉर्ड कप टूर्नामेंट के बीच सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अवैध कारोबार पर सख्ती बरतने के लिए हाल ही में बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद शहर में खुलेआम दांव लगाए जाने की सूचनाएं सामने आ रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान लाखों रुपये का सट्टा लगाया गया। दावा है कि टूर्नामेंट की आड़ में कुछ बड़े खाईवाल संगठित तरीके से नेटवर्क संचालित कर रहे हैं। आईपीएल की तर्ज पर ऊंचे दांव लगने की चर्चाएं हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर अवैध लेन-देन का दायरा बढ़ता दिख रहा है।
हैरानी की बात यह है कि अब तक एसीसीयू या स्थानीय पुलिस की ओर से किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि जब कप्तान स्तर से सख्त निर्देश जारी हैं, तो जमीनी स्तर पर उनका असर क्यों नहीं दिख रहा? शहर में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि विभागीय ढिलाई या संभावित मिलीभगत के कारण सटोरियों के हौसले बुलंद हैं।
हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन लगातार मिल रही सूचनाएं और स्थानीय चर्चाएं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े कर रही हैं।
अब निगाहें पुलिस विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जल्द ही ठोस और व्यापक स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि सख्त निर्देश केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि प्रशासन सट्टेबाजी के इस कथित नेटवर्क पर लगाम कस पाता है या नहीं।
0 Comments