Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

नववर्ष की सुरक्षा में बिलासपुर पुलिस अलर्ट, एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में शहरभर में सघन चेकिंग अभियान...


बिलासपुर 27 दिसंबर 2025।बिलासपुर नव वर्ष के आगमन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत शहर के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार निगरानी और जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रिवर व्यू क्षेत्र, सरकंडा, सकरी, कोनी सहित अन्य व्यस्त इलाकों में बारीकी से चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध वाहनों, दोपहिया-चारपहिया चालकों और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान शहर की देसी शराब भट्टियों, ढाबों, होटल-लॉज और अन्य संवेदनशील व संदिग्ध स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है। अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नव वर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।

बिलासपुर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नव वर्ष का स्वागत शांति और जिम्मेदारी के साथ करें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की इस मुहिम से शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

Post a Comment

0 Comments