बिलासपुर थाना सरकंडा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और बीच चौराहे पर लड़ाई-झगड़ा कर माहौल खराब करने वाले युवकों पर सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग और भ्रमण कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस की टीम टाउन पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी।दिनांक 28 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि सब्जी मंडी चांटीडीह, देवन चाल चांटीडीह एवं जबड़ापारा क्षेत्र में कुछ युवक आपस में विवाद कर क्षेत्र में अशांति फैला रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक आपस में झगड़ते मिले।पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने पर युवकों ने नाम-पता बताने से इनकार करते हुए पुलिस टीम के सामने ही हुज्जतबाजी शुरू कर दी और आसपास मौजूद लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों रोहित यादव, प्रेम वर्मा एवं शहनवाज खान के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments