बिलासपुर 23 दिसंबर 2025।बिलासपुर शहर के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फर्नीचर फैक्ट्री में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहा एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।वही जानकारी के अनुसार एक श्रमिक अभिजित सूर्यवंशी अभी भी फैक्टरी में फंसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी पॉलिश और अन्य कार्यों में उपयोग होने वाले तारपीन तेल को संग्रहित करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया है। मंगलवार दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से ही नजर आने लगा, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में भी हड़कंप मच गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल वाहन लगाए और लगातार पानी व फोम का छिड़काव किया जा रहा है। आग फैलने से रोकने के लिए फैक्ट्री परिसर को खाली कराया गया और आसपास के इलाके को भी सतर्क किया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।
0 Comments