बिलासपुर, 08 अक्तूबर 2025।
नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित रास डांडिया कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक उल्लास का प्रतीक बना, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश की। आयोजन समिति ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए डेढ़ लाख रुपए की सहायता राशि जिला प्रशासन को सौंपी है।
फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम की सफलता के बाद, समिति ने यह निर्णय लिया था कि इस बार डांडिया महोत्सव से प्राप्त अंशदान को किसी जरूरतमंद कार्य में लगाया जाएगा। समिति के सदस्यों और बिलासपुर के नागरिकों के सहयोग से एकत्र की गई यह राशि आज कलेक्टर संजय अग्रवाल को फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन प्रिंस भाटिया द्वारा औपचारिक रूप से सौंपी गई।प्रिंस भाटिया ने बताया कि,“पंजाब में आई बाढ़ से कई परिवारों का सब कुछ तबाह हो गया है। ऐसे समय में बिलासपुर का हर नागरिक उनके साथ खड़ा है। हमारी यह छोटी-सी पहल उन पीड़ित परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास है। यह राशि राज्य सरकार के माध्यम से पंजाब शासन को भेजी जाएगी।”कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि रास डांडिया आयोजन समिति ने यह साबित किया है कि समाजसेवा केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्म से की जाती है। उन्होंने समिति और शहरवासियों को इस संवेदनशील कदम के लिए बधाई दी।कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य, फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के प्रशिक्षक, युवा स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस प्रकार नवरात्रि उत्सव के पवित्र अवसर पर रास डांडिया आयोजन समिति ने “भक्ति के साथ सेवा का संदेश” पूरे समाज को दिया है।
0 Comments