बिलासपुर, 08 अक्तूबर 2025।थाना सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सेलर के हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में शराब के नशे में गाली-गलौज और हुड़दंग मचाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मामले का खुलासा करते हुए थाना सीपत प्रभारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस को 07 अक्तूबर 2025 को सूचना मिली कि ग्राम सेलर में रहने वाला हनुमान प्रसाद कश्यप पिता स्व. जुठूराम कश्यप (आयु 41 वर्ष) हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर के अंदर शराब पीकर गाली-गलौज कर रहा है और छात्रों व शिक्षकों के पढ़ाई के माहौल को बाधित कर रहा है।सूचना मिलते ही थाना सीपत की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपी हनुमान प्रसाद कश्यप को पकड़कर थाने लाया गया। पूछताछ और जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी शराब के नशे में स्कूल परिसर में प्रवेश कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शोर-शराबा कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 36(च)(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। तत्पश्चात आरोपी को कार्यपालिक दंडाधिकारी, सीपत के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।सीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के हुड़दंग और सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे ताकि आमजन में कानून और व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे।
0 Comments