बिलासपुर 18 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को उनके कार्यालय में शुभचिंतकों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही व्यापारिक जगत, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न वर्गों के लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुँचे। पूरे दिन उनके कार्यालय में बधाइयों और मंगलकामनाओं का दौर चलता रहा।इस मौके पर सर्राफा एसोसिएशन की ओर से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर के सर्राफा व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने कमल सोनी के नेतृत्व, उनके संगठन कौशल और सामाजिक योगदान की प्रशंसा की है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा “सोना खुद एक ब्रांड है, किसी और नाम का मोहताज नहीं। आज कुछ बड़ी कंपनियां झूठे ऑफर और विज्ञापनों के जरिए उपभोक्ताओं को भ्रमित कर रही हैं। ये प्रचार आम जनता के विश्वास और पारंपरिक सर्राफा व्यापारियों की साख को नुकसान पहुँचा रहे हैं।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “ऑफर जूता-चप्पल या कपड़ों की बिक्री में हो सकता है, सोने-चांदी में नहीं। इन झूठे प्रलोभनों का असली मकसद ग्राहकों को भ्रमित कर शोरूम तक बुलाना है।
”कमल सोनी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे सोना या चांदी खरीदते समय हॉलमार्क और होलोग्राम की जांच अवश्य करें तथा केवल विश्वसनीय व पारंपरिक दुकानदारों से ही खरीदारी करे।
त्योहारी सीजन के साथ ही छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन ने “ग्राहक जागरूकता अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को भ्रामक ऑफरों और झूठे विज्ञापनों से सावधान करना है।कमल सोनी ने कहा कि “हमारा लक्ष्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खरीदारी के लिए शिक्षित करना है। ब्रांडेड नाम नहीं, बल्कि हॉलमार्क और विश्वास ही असली पहचान है। सोने-चांदी की खरीदारी में पारदर्शिता और भरोसा कायम रखना हमारा दायित्व है।”समारोह में उपस्थित विभिन्न जिलों से आए सर्राफा व्यापारियों ने कहा कि कमल सोनी के नेतृत्व में एसोसिएशन ने प्रदेशभर के व्यापारियों में नई ऊर्जा, एकजुटता और पारदर्शिता का माहौल बनाया है।त्योहारी रौनक के बीच एसोसिएशन द्वारा शुरू किया गया यह जागरूकता अभियान उपभोक्ता सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदार व्यापार की दिशा में एक प्रेरक कदम माना जा रहा है।
0 Comments