Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

जलभराव और बिजली संकट से मुक्ति प्राथमिकता, मौका मिला तो विकास के लिए केंद्र से लाएंगे अधिक फंड: शैलेष पांडेय...



बिलासपुर 18 अक्टूबर 2026।बिलासपुर शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, निर्बाध बिजली आपूर्ति और विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से अधिक वित्तीय सहायता लाना प्राथमिकता होनी चाहिए, जनता ने दोबारा विधायक बनने का अवसर दिया तो इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करूंगा, यह बात पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद से ज्यादा महत्वपूर्ण काम और जनता के प्रति जिम्मेदारी है।
राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पांडेय ने अपने राजनीतिक सफर, शिक्षा, तकनीक और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा किए, उन्होंने कहा कि किसी नेता को मंत्रिमंडल में जगह मिलने या नहीं मिलने से बिलासपुर का राजनीतिक महत्व कम नहीं होता,मंत्रिमंडल का गठन मुख्यमंत्री का अधिकार है और उनके लिए जनहित के काम सर्वोपरि हैं।

एयरपोर्ट विस्तार और अरपा संरक्षण पर जोर

बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास का उल्लेख करते हुए पांडेय ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में एयरपोर्ट की सुविधाओं, नाइट लैंडिंग और उड़ान सेवाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया था। ‘बिलासा देवी केंवटीन एयरपोर्ट’ नामकरण के लिए विधानसभा में संकल्प लाने की भूमिका का भी उन्होंने उल्लेख किया,अरपा नदी को शहर की पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण, बैराज निर्माण और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था पर समन्वित तरीके से काम करना जरूरी है। बारिश के दौरान जलभराव से राहत के लिए दीर्घकालिक योजना बनानी होगी।

बिजली बिल और बी-ग्रेड सिटी का मुद्दा

बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पांडेय ने बताया कि उनके घर में 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम होने के बावजूद हर महीने करीब 9 से 10 हजार रुपये का बिजली बिल आता है। उन्होंने सौर ऊर्जा उपभोक्ताओं को उचित लाभ देने, बिजली दरों की समीक्षा और निर्बाध आपूर्ति की जरूरत बताई,उन्होंने नगर निगम सीमा विस्तार और बिलासपुर को बी-ग्रेड सिटी का दर्जा दिलाने के प्रयासों का भी जिक्र किया है।

गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले

शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए पांडेय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम में अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए,विधायक रहते हुए शहर में अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की शुरुआत के प्रयास इसी उद्देश्य से किए गए थे। उन्होंने युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और कोरोना काल में जरूरतमंदों की मदद के अनुभव भी साझा किए,कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी सहित वरिष्ठ पत्रकार और प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे, पांडेय ने कहा कि चुनाव में जीत-हार राजनीति का हिस्सा है, लेकिन जनता के प्रति जिम्मेदारी हमेशा बनी रहती है।

Post a Comment

0 Comments