बिलासपुर 14 अक्टूबर 2026।न्यायधानी बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रमणी हॉस्पिटल के पास दबिश देकर एक महिला को कथित तौर पर हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 5 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रमणी हॉस्पिटल के पास एक महिला कथित तौर पर नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर महिला की पहचान कर उसे रोक लिया,पुलिस के अनुसार, महिला कैपरी और हाफ टी-शर्ट पहने हुए थी,पुलिस को देखकर वह घबरा गई, जिसके बाद संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई,तलाशी के दौरान महिला की जेब में रखी जिपर पॉलीथिन से 5 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात सामने आई,पुलिस ने मादक पदार्थ की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला की पहचान रितु मरकाम, पिता अभिजीत साधु, उम्र 26 वर्ष, निवासी आवासपारा, सकरी, बिलासपुर के रूप में की है। उसके कब्जे से हेरोइन के अलावा लगभग 8 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी महिला रितु मरकाम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए), 22(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
0 Comments