Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

थाने में ही पीड़ित को धमकी, वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल...,सकरी में शिकायत करने पहुंचे युवक से हंगामा और धमकी का मामला, दादी की हत्या की घटना से भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल...

बिलासपुर 18 अक्टूबर 2026। बिलासपुर सकरी क्षेत्र में अपराध की दो घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर ग्राम मेंड्रा में तीन साल की मासूम पोती को बचाने पहुंची दादी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचे युवक को परिसर में ही धमकी देने और हंगामा करने का मामला सामने आया है। थाने में धमकी देने का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इन घटनाओं के बाद सवाल उठ रहा है कि जब शिकायत लेकर पहुंचने वाला व्यक्ति थाने में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा, तो क्षेत्र में आम लोगों की सुरक्षा का भरोसा कैसे कायम होगा?

सकरी के पुराना बाजार में रहने वाले राकेश भार्गव 16 अक्टूबर की रात अपनी मां रेखा भार्गव के साथ दुर्गा दर्शन करने गए थे। रात करीब 10 बजे शांतिनगर स्थित दुर्गा पंडाल के पास राजेश देवांगन (36) और महेश ध्रुव उर्फ करिया (31) ने कथित तौर पर शराब के नशे में उनसे गाली-गलौज की, विरोध करने पर हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी,राकेश के गाल, पीठ और सिर में चोट आई,उनकी मां और आकाश यादव सहित अन्य लोग घटना के गवाह बताए गए हैं। मारपीट के बाद राकेश पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचा,इसी दौरान दोनों पक्षों में समझौता हो गया और पीड़ित पक्ष रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की बात कहकर चला गया, हालांकि, कुछ देर बाद राकेश दोबारा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई,पुलिस के अनुसार, आरोपितों को थाने बुलाने पर वे राकेश को देखकर उत्तेजित हो गए और परिसर में हंगामा करते हुए धमकी देने लगे, इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया,पुलिस ने राजेश और महेश के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना परिसर में शांति व्यवस्था भंग करने पर दोनों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया,हालांकि इन घटनाओं के बीच क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की चुनौती चर्चा के केंद्र में है।


मासूम को बचाने में दादी ने गंवाई जान

सकरी क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में तीन साल की बच्ची को घर से ले जाने के कथित प्रयास के दौरान उसकी दादी राजकुमारी यादव (58) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई,आरोप है कि ग्राम सैदा निवासी प्रशांत शुक्ला बच्ची को ले जाने का प्रयास कर रहा था। दादी ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया, गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई,आसपास के लोगों ने बच्ची को सुरक्षित घर पहुंचाया, घटना के बाद आरोपित फरार हो गया, जानकारी के अनुसार पुलिस ने रात में ही आरोपी को  गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायत के दौरान ही बिगड़े हालात

राकेश भार्गव की शिकायत के सिलसिले में दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के दौरान समझौता हो गया था। इसके बाद पीड़ित पक्ष के लौटने और दोबारा शिकायत दर्ज कराने के घटनाक्रम ने मामले को नया मोड़ दिया,पुलिस के मुताबिक, आरोपितों को थाने बुलाए जाने पर वे उत्तेजित हुए और परिसर में हंगामा करने लगे। इसी दौरान धमकी देने का वीडियो बनाया गया, जो अब वायरल हो रहा है। इस घटनाक्रम ने थाने में शिकायत और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

सुरक्षा का भरोसा कायम रखना चुनौती

लगातार सामने आई इन घटनाओं के बीच सकरी क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और थाने में हंगामे जैसी घटनाएं पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती को रेखांकित करती हैं। वहीं, मासूम को बचाने पहुंची बुजुर्ग महिला की हत्या ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ अपराधों की रोकथाम, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और शिकायतकर्ताओं का भरोसा बनाए रखना भी जरूरी है।अब मानो लगता है कि सकरी थाने की कमान एक होनहार,सख्त पुलिस अधिकारी के हाथों सौंपे जाने की जरूरत है,जो थाना क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों और अपराधियों पर नकेल कस सके।

Post a Comment

0 Comments