बिलासपुर 28 मई 2026।बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने क्षेत्र में कथित तौर पर चल रहे गांजा कारोबार और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो चार से पांच दिन पुराना है और चुचियापारा ओवरब्रिज के आसपास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक व्यक्ति खुलेआम एक दिव्यांग युवक को गांजे की पुड़ियों से भरी पॉलीथिन थमाते हुए दिखाई दे रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरा घटनाक्रम सार्वजनिक स्थान पर बेहद बेखौफ अंदाज में होता नजर आ रहा है, मानो संबंधित लोगों को किसी कार्रवाई का डर ही न हो,वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है।
एक तरफ इधर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह लगातार अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर सिरगिट्टी क्षेत्र में कथित तौर पर नशे का कारोबार खुलेआम जारी रहने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गांजा बिक्री का नेटवर्क सक्रिय है और यह पूरा कारोबार कथित तौर पर एक महिला के इशारे पर संचालित किया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि इस अवैध कारोबार की जानकारी स्थानीय पुलिस कर्मियों से लेकर अधिकारियों तक को है, इसके बावजूद अब तक कोई बड़ी और प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई, यही वजह है कि लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर गांजा कारोबारियों को इतनी खुली छूट क्यों दी जा रही है। क्या यह केवल पुलिस की लापरवाही है या फिर इसके पीछे संरक्षण और लेनदेन का कोई बड़ा खेल चल रहा है?
हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर सकता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई करती है या यह मामला भी केवल चर्चाओं तक सीमित रह जाएगा।
0 Comments