Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

महादेव नगर में अवैध प्लाटिंग का खुला खेल,भू-माफिया बेखौफ,प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल...,मुरुम-बिछाकर बनाए गए रास्ते, धड़ल्ले से बिक रहे प्लाट,कलेक्टर के आदेश भी बेअसर...


बिलासपुर 05 मई 2026।बिलासपुर शहर के महादेव नगर, घुरू (वार्ड क्रमांक 4) क्षेत्र में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का बड़ा खेल खुलकर सामने आ रहा है। यहां भू-माफिया बिना किसी वैधानिक अनुमति के कृषि भूमि को छोटे-छोटे प्लॉट में बदलकर बेचने में जुटे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे खेल को अंजाम देने के लिए बाकायदा मुरुम और ईंटों के टुकड़ों से सड़कनुमा रास्ते तैयार कर दिए गए हैं, जिससे यह अवैध कॉलोनी वैध होने का भ्रम पैदा कर रही है।


सूत्रों के अनुसार, इस इलाके में कई प्लॉट पहले ही बेचे जा चुके हैं और लगातार नए खरीदारों को फंसाया जा रहा है। जमीन की सस्ती कीमत और विकसित होने का झांसा देकर लोगों को आकर्षित किया जा रहा है, जबकि हकीकत में यह पूरी प्लाटिंग अवैध बताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल प्रशासन की भूमिका को लेकर खड़ा हो रहा है। जिला कलेक्टर द्वारा अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग,जैसे नगर निगम और राजस्व अमला,अब तक कोई ठोस कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे,इससे यह संदेह भी गहराने लगा है कि कहीं न कहीं लापरवाही या मिलीभगत के कारण ही भू-माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में यह अवैध कॉलोनी कई बड़ी समस्याओं को जन्म दे सकती है,जैसे मूलभूत सुविधाओं का अभाव, विवादित जमीन के मामले और आम लोगों की गाढ़ी कमाई का नुकसान,अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा? क्या कलेक्टर के आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएंगे या फिर महादेव नगर में चल रहे इस अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई कर इसे रोका जाएगा? फिलहाल, भू-माफिया बेखौफ हैं और प्रशासन की खामोशी कई सवाल खड़े कर रही है।

Post a Comment

0 Comments