बिलासपुर 03 मई 2026।बिलासपुर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। मोपका इलाके में कॉलेज छात्र अभिषेक यादव (22 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 10:45 से 11:15 बजे के बीच बताई जा रही है। सरकंडा के मोपका चौक में ओमप्रकाश यादव (16 वर्ष) का पड़ोस की एक युवती से बातचीत को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया,बात इतनी बढ़ गई कि करीब पांच लोगों ने मिलकर ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी,अपने छोटे चचेरे भाई को पिटता देख अभिषेक यादव बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचा,लेकिन आरोपियों का गुस्सा शांत होने के बजाय और भड़क गया,उन्होंने अभिषेक को ही निशाना बना लिया और एक आरोपी ने चाकू से उसके गले पर जानलेवा वार कर दिया,गंभीर रूप से घायल अभिषेक मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ओमप्रकाश अपनी जान बचाते हुए नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचा, जबकि आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए,घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया, पुलिस ने बिना देरी किए आरोपियों की तलाश शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।उधर, घटना से आक्रोशित परिजन और आसपास के मोहल्ले वासी बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर घेराव किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, स्थिति को संभालते हुए थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने लोगों को आश्वस्त किया कि आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी,सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां एक ओर आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी, वहीं क्षेत्र में तनाव को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया गया है।
0 Comments