सिंघीतराई, सक्ती, 11 मई 2026। भीषण गर्मी और लगातार गिरते जल स्तर के कारण जल संकट से जूझ रहे ग्राम पंचायत निमोही के नागरिकों को वेदांता पावर के सक्ती स्थित थर्मल पावर प्लांट से बड़ी राहत मिल रही है। कंपनी अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत गांव में नियमित रूप से वाटर टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करा रही है। इससे लगभग 120 परिवारों को प्रतिदिन करीब 12 हजार लीटर पानी मिल रहा है, जिससे ग्रामीणों को गर्मी के इस कठिन दौर में राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, वेदांता पावर पिछले तीन वर्षों से मार्च से जून तक निमोही गांव में टैंकरों के जरिए जल आपूर्ति कर रही है। गांव में जल स्तर बेहद नीचे चले जाने के कारण अधिकांश बोरवेल और कुएं गर्मी शुरू होते ही सूख जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। कंपनी की पहल से अब लोगों को प्रतिदिन तीन से चार बार पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वेदांता पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजिंदर सिंह आहूजा ने कहा कि कंपनी अपने प्रचालन क्षेत्रों में दीर्घकालिक सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और जल उपलब्धता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और निमोही में की जा रही जल आपूर्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
ग्राम पंचायत निमोही के सरपंच पारसमणि गभेल ने वेदांता पावर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से कंपनी गांव में लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि गर्मियों में गांव के अधिकांश जल स्रोत सूख जाते हैं और ऐसे समय में कंपनी द्वारा की जा रही जल आपूर्ति ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।ग्रामीण किरण कुमार बैरागी, राजू डनसेना और श्वेता डनसेना सहित कई नागरिकों ने बताया कि पानी की नियमित आपूर्ति से उनकी दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सशक्तिकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए भी वेदांता पावर की सराहना की है।
0 Comments