जांजगीर-चांपा 12 अप्रैल 2026।जांजगीर-चांपा डिजिटल दौर में सुविधा के साथ-साथ साइबर ठगी का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। अब साइबर अपराधी फर्जी e-challan मैसेज, नकली वेबसाइट और एप्लीकेशन के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसी को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, कई मामलों में लोगों को अनजान नंबरों से SMS या व्हाट्सएप पर “चालान भुगतान” के नाम पर लिंक भेजे जाते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है और अपनी जानकारी भरता है, उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं। इसलिए ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे केवल भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट eChallan Parivahan Portal या NextGen mParivahan App के माध्यम से ही अपने e-challan की जांच और भुगतान करें। इन प्लेटफॉर्म्स पर भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लगता, जबकि थर्ड पार्टी ऐप या वेबसाइट अतिरिक्त चार्ज वसूल सकते हैं।सुरक्षा के लिए कुछ अहम सावधानियां भी बताई गई हैं। अनजान नंबर से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, केवल अधिकृत सेंडर आईडी जैसे BV-VAAHAN-G, BT-VAAHAN-G आदि से आए मैसेज को ही विश्वसनीय मानें, साथ ही, वेबसाइट की स्पेलिंग ध्यान से जांचें, क्योंकि फर्जी साइट्स असली जैसी दिखती हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात, किसी के साथ भी अपना OTP साझा न करें, चाहे वह खुद को अधिकारी ही क्यों न बताए,अगर किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी हो जाती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, इसके साथ ही अपने बैंक को भी तुरंत सूचना दें ताकि ट्रांजैक्शन को रोका जा सके,पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने मोबाइल में mParivahan ऐप इंस्टॉल करें और सुरक्षित तरीके से परिवहन विभाग की सुविधाओं का लाभ उठाएं, जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
0 Comments