बिलासपुर 27 फरवरी 2026।बिलासपुर शहर के प्रतिष्ठित क्षेत्र सरकंडा स्थित लोयला स्कूल रोड के पास स्थित सरयू विहार कॉलोनी में इन दिनों असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि बाहरी युवक किराए के मकानों में रहकर देर रात तक शराबखोरी, हुड़दंग और आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। विरोध करने पर ये युवक अपने साथियों को बुलाकर मारपीट और गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं, जिससे कॉलोनी में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
रहवासियों का कहना है कि कई बार पुलिस को मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई,इससे लोगों में आक्रोश है। उनका सवाल है कि जब पुलिस स्वयं नागरिकों से आसपास रहने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी देने की अपील करती है, तो सूचना देने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं होती?
हाल ही में राजकिशोर नगर क्षेत्र में यूपी और एमपी के आदतन बदमाशों द्वारा एक व्यापारी के साथ लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। हालांकि बिलासपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया। इस घटना के बाद भी सरयू विहार के रहवासी आशंकित हैं कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ी घटना घट सकती है।
कॉलोनी के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे सुरक्षित और शांत वातावरण में रहना चाहते हैं, जिसके लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे।
0 Comments