बिलासपुर 28 फरवरी 2026।बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना सकरी पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, 25 ग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 19,500 रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हामिद अंसारी नामक व्यक्ति आसमा सिटी, मेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 मिलीग्राम ब्राउन शुगर एवं एक मोबाइल बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईशांत सिंह मंडलोई और अमन तिवारी के माध्यम से प्रयागराज से नशीले पदार्थ लाकर बिलासपुर में बिक्री करता था। आरोपी के बताए अनुसार ईशांत मंडलोई के रामा लाइफ सिटी स्थित मकान की तलाशी लेने पर 25 ग्राम गांजा, चार चिलम और दो लाइटर जब्त किए गए। हालांकि तलाशी के दौरान कोई अवैध हथियार बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए), 22(ए), 20(ए), 27 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि ईशांत मंडलोई पहले से आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण में जेल में निरुद्ध है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
0 Comments