बिलासपुर 22 दिसंबर 2025।बिलासपुर शहर के फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी खेल मैदान में आज 23 दिसंबर से बहुप्रतीक्षित सोसाइटी प्रीमियर लीग फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता पूर्व बीडीए अध्यक्ष स्वर्गीय शेख गफ्फार की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में पिछले छह वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है, जो सामाजिक समरसता और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुकी है।
इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट में शहर के विभिन्न 32 समाजों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो फ्लड लाइट की रोशनी में अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन करेंगी। आज शाम 5 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, कांग्रेस नेता महेश दुबे, राजेंद्र शुक्ला, पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह ठाकुर एवं वी. रामा राव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
उद्घाटन दिवस पर कुल 5 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच सुदर्शन समाज और तेली समाज के बीच होगा। इसके बाद गुजराती बनाम सतनामी, यादव बनाम मराठा, सोनी बनाम वस्त्रकार तथा सोनकर बनाम प्रजापति समाज की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता में सभी मैच 7-7 ओवर के होंगे।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 दिसंबर को खेला जाएगा, जबकि 28 दिसंबर को सेमीफाइनल होंगे। विजेता टीम को सोसाइटी प्रीमियर लीग कप के साथ ₹41,111 नकद पुरस्कार, वहीं उपविजेता टीम को ₹21,111 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर और बेस्ट ड्रेस कोड जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
फाउंडेशन क्रिकेट एकेडमी के चेयरमैन प्रिंस भाटिया ने बताया कि यह आयोजन सभी समाजों को एक साझा मंच प्रदान कर भाईचारे और खेल संस्कृति को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
0 Comments