बिलासपुर, 06 अक्तूबर 2025। बिलासपुर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र का तिफरा इलाका सोमवार की रात फिर खून से लाल हो गया। शराब के नशे में धुत दो दोस्तों के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक नाबालिग ने अपने ही साथी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। युवक के गले पर गहरा घाव आया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यशवंत उर्फ बाला पिता मनहरण दास (19 वर्ष), निवासी कुंदरा पारा तिफरा, अपने नाबालिग मित्र के साथ शराब पीने के बाद आत्मानंद स्कूल के पास घूम रहा था। किसी बात पर विवाद हुआ और यशवंत ने साथी को “चोर” कह दिया। बस फिर क्या था, गुस्से में नाबालिग ने जेब से ब्लेड निकालकर यशवंत के गले और हाथ पर वार कर दिया।देखने वाले लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुँचाया। सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुँची, मगर तब तक वारदात हो चुकी थी। लोगों का तंज़ है कि पुलिस अगर इतनी ही “तेज़” घटना से पहले होती, तो शायद ब्लेड नहीं चलता,वहीं कुछ लोगों का मानना है कि  तिफरा में आए दिन शराबखोरी, झगड़े और अवैध नशे की घटनाएँ बढ़ रही हैं, मगर सिरगिट्टी पुलिस की गश्त अब सिर्फ रिपोर्ट में दिखती है, सड़कों पर?कई लोगों ने यह भी कहा कि रात के वक्त क्षेत्र में अराजकता का माहौल है, लेकिन थाने से पुलिस “कदमताल” करने के बजाय “कागज़ी गश्त” में ही व्यस्त रहती है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।हालांकि, कुछ लोगों का सवाल अब भी वही है, जब तक पुलिस नींद से जागेगी, तब तक कितने ब्लेड और चलेंगे।