बिलासपुर, 09 अक्टूबर 2025।
सूफी संत हज़रत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह के 67वें सालाना उर्स का आगाज़ गुरुवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ बड़े ही अकीदत और शान से हुआ। दरगाह लुतरा शरीफ में सुबह 11 बजे झंडा फहराने के साथ इस पवित्र आयोजन की शुरुआत की गई। इस मौके पर इंतेजामिया कमेटी के पदाधिकारी, खादिम, मुस्लिम जमात, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और सैकड़ों जायरीन मौजूद रहे।उर्स की शुरुआत में नागपुर की प्रसिद्ध “जमील मैकस मटका पार्टी” ने सूफियाना कलाम पेश कर दरगाह के माहौल को रूहानी रंग में रंग दिया।
परचम कुशाई जुलूस में शामिल मलंगों और कलंदरों की टोलियों ने अपने पारंपरिक करतबों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं आतिशबाज़ी और रंगीन कागज़ों की बारिश से पूरा दरगाह परिसर रोशन हो उठा।उर्स के पहले दिन दोपहर 3 बजे संदल चादर जुलूस दरगाह परिसर से बड़ी श्रद्धा के साथ निकाला गया। मटका पार्टी के साज-संगीत के बीच यह जुलूस मुख्य मार्गों से होता हुआ दादी अम्मा की दरगाह पहुंचा, जहां बाबा इंसान अली शाह रहमतुल्लाह अलैह के नाम से चादर पेश की गई और अमन-ओ-चैन की दुआ मांगी गई।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इंतेजामिया कमेटी ने 24 घंटे चलने वाले लंगर की विशेष व्यवस्था की है। लंगर में चाय-नाश्ता, शाकाहारी प्रसाद सहित बुज़ुर्गों और शुगर के मरीजों के लिए नांद रोटी की अलग व्यवस्था की गई है। दिनभर लंगरखाने में जायरीनों की आवाजाही बनी रही।रात 9 बजे से शुरू हुए ऑल इंडिया नातिया तरही मुशायरे ने पूरी रात दरगाह परिसर को सूफियाना माहौल में डुबो दिया। मंच पर देश के प्रसिद्ध उर्दू शायर मोहम्मद अली फ़ैज़ी, नदीम रज़ा फ़ैज़ी, गुलाम नूरे मुस्सम और ज़ैनुल आबेदीन ने अपनी नातिया शायरी से देर रात तक महफ़िल लूटी।
कार्यक्रम का संचालन मशहूर शायर कफ़ील अम्बर अशरफ़ी ने किया।
उर्स के पहले दिन प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आयोजन स्थल का जायज़ा लिया। मस्तूरी एसडीएम प्रवेश पैकरा, एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल और तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने दरगाह परिसर और मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था के संबंध में थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उर्स के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को दोपहर 3 बजे, खम्हरिया मस्जिद स्थित नानी अम्मा की दरगाह से “राज बैंड पार्टी” की अगुवाई में शाही संदल चादर निकलेगी, जो मुख्य मार्गों से होकर बाबा इंसान अली शाह रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पहुंचेगी।रात 9 बजे मुस्लिम समाज के धर्मगुरु सैय्यद अमीनुल कादरी साहब की तकरीर (प्रवचन) होगी, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीनों की उपस्थिति अपेक्षित है।
0 Comments