बिलासपुर 16 अक्तूबर 2026।बिलासपुर माँ महामाया के प्रति अटूट आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली बेलतरा की भव्य ध्वजा यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुँच गई है। सात दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के छठवें दिन लोफन्दी, लक्षनपुर और गोंदईया में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना, वहीं रानीगांव में माता के जगराते ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया,शुक्रवार को यात्रा के सातवें एवं अंतिम दिन रानीगांव से रतनपुर पहुँचकर माँ महामाया के दरबार में पावन ध्वजा अर्पित की जाएगी।
लोफन्दी में पुष्पवर्षा, गोंदईया में रंगोली से स्वागत
लोफन्दी में सरपंच अयोध्या देवांगन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ध्वजा यात्रा का भव्य स्वागत किया,महिलाओं ने माता के रथ के मार्ग पर फूल बिछाकर श्रद्धा प्रकट की,गोंदईया में घरों के सामने आकर्षक रंगोली और पारंपरिक अल्पना सजाई गई, महिलाओं ने जसगीतों के माध्यम से माता की आराधना की,गाँव-गाँव में गूँजते जयकारों और ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत ने यात्रा को जनआस्था का उत्सव बना दिया है।
लक्षनपुर में ₹10 लाख के विकास कार्य का लोकार्पण
धार्मिक यात्रा के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने लक्षनपुर में विधायक निधि से ₹10 लाख की लागत से बसीन पाट में निर्मित बाउंड्रीवॉल का लोकार्पण किया। इस पड़ाव पर धार्मिक आस्था के साथ विकास कार्यों की सौगात भी ग्रामीणों के लिए आकर्षण का केंद्र रही, दिनभर की यात्रा के बाद रानीगांव में रात्रि विश्राम हुआ,सचिन तिवारी एवं उनकी टीम ने माता के जगराते की प्रस्तुति दी, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु देर रात तक माता की आराधना में लीन रहे।
रतनपुर में ध्वजा अर्पण के साथ होगा समापन
अंतिम दिन यात्रा रानीगांव से मदनपुर और सिंघरी चौक होते हुए भैरव बाबा मंदिर तथा सिद्धि विनायक मंदिर पहुँचेगी,इसके बाद रतनपुर स्थित माँ महामाया मंदिर में विधि-विधान से पावन ध्वजा अर्पित की जाएगी,बेलतरा विधानसभा की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरी यह यात्रा धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर जनएकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनी है। सात दिनों तक गाँव-गाँव में गूँजा माँ महामाया का जयकारा अब रतनपुर में ध्वजा अर्पण के साथ भव्य समापन की ओर बढ़ रहा है।
0 Comments