बिलासपुर 16 अक्तूबर 2026।बिलासपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर 10 वाहनों को जब्त किया है। इनमें 7 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। पकड़े गए वाहनों का उपयोग रेत, गिट्टी और चूना पत्थर डस्ट के अवैध परिवहन में किया जा रहा था।
खनिज विभाग की टीम ने रतनपुर, कोटा, खोलिपारा, तुरकाडीह, सेंदरी, कोनी, कच्छार, लमेर, निरतु, सकरी, लालखदान, मस्तूरी और लावर सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया, इस दौरान कई स्थानों पर खनिजों का अवैध उत्खनन और परिवहन किए जाने के मामले सामने आए है।
खोलिपारा और लमेर में रेत का अवैध परिवहन
निरीक्षण के दौरान ग्राम खोलिपारा में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। वहीं, ग्राम लमेर में भी रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई,इन कार्रवाइयों के साथ विभाग ने रेत के अवैध कारोबार पर निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
लालखदान और लावर में गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई
लालखदान क्षेत्र में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहन पकड़े गए,इसी तरह ग्राम सैदा के पास चूना पत्थर डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए एक हाइवा जब्त किया गया,लावर क्षेत्र में भी खनिज विभाग की टीम ने गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए तीन हाइवा और रेत का परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन पकड़ा गया है।
खनिज नियमों के तहत जब्ती, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
खनिज विभाग ने अवैध परिवहन करते पाए गए सभी 10 वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर लिया है। जब्त वाहनों को पुलिस थाना कोनी, पुलिस थाना कोटा और खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग के अनुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। औचक निरीक्षण और जब्ती की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लगे लोगों पर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।
0 Comments