Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

आदिवासी की जमीन का सौदा कर 10 लाख की ठगी का आरोप, भू-माफिया प्रफुल्ल झा पर फिर FIR...




बिलासपुर 17 अक्तूबर 2026।बिलासपुर न्यायधानी में जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में प्रफुल्ल झा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। दूसरे की जमीन को अपना बताकर सौदा करने और फर्जी मुख्तियारनामा के जरिए 10 लाख रुपये की अग्रिम राशि लेने के आरोप में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी प्रफुल्ल झा (48), निवासी भारतीय नगर, बिलासपुर के खिलाफ इससे पहले भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है।

70 लाख रुपये प्रति एकड़ में सौदा, 10 लाख एडवांस

पुलिस के मुताबिक, दयालबंद निवासी विशालचंद्र केसरी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर बताया कि आरोपी ने 10 दिसंबर 2025 को सकरी तहसील के मौजा अमेरी स्थित विभिन्न खसरों की जमीन बेचने का सौदा किया था। जमीन की कीमत 70 लाख रुपये प्रति एकड़ तय की गई थी। आरोपी के भरोसे में आकर प्रार्थी ने यूनियन बैंक के चेक और आरटीजीएस के माध्यम से 10 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दे दिए।

बाद में जमीन के दस्तावेजों की जांच करने पर कथित गड़बड़ी सामने आई, शिकायत के अनुसार, संबंधित भूमि में खसरा नंबर 232 की जमीन राजस्व रिकॉर्ड में चंद्रकली बाई के नाम दर्ज थी, जो गोंड़ आदिवासी समुदाय से थीं और जिनकी मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि जमीन की वास्तविक स्थिति छिपाकर सौदा किया गया।

नागपुर के मुख्तियारनामे पर भी उठे सवाल

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि प्रफुल्ल झा ने मसानगंज और तोरवा स्थित भूखंडों के सौदे के लिए नागपुर में पंजीकृत आम मुख्तियारनामा प्रस्तुत कर खुद को अधिकृत विक्रेता बताया था। पुलिस जांच में उक्त दस्तावेज के कूटरचित होने और जमीन बेचने का वैध अधिकार नहीं होने की बात सामने आने का दावा किया गया है।

चार महीने पहले भी दर्ज हुआ था मामला

प्रार्थी को जब आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में 10 मई 2026 को दर्ज धोखाधड़ी के मामले की जानकारी मिली, तब उसने भी शिकायत की,आरोप है कि आरोपी लगातार रजिस्ट्री टाल रहा था और बाद में संपर्क से बचने लगा।

पुलिस ने प्रफुल्ल झा के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336, 338 और 340 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपी के कथित अन्य जमीन सौदों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments