Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन में 813 कार्रवाई...


बिलासपुर 16 सितंबर 2026।बिलासपुर गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान तेज कर दिया है। 1 से 15 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 813 कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी, नशे, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर विशेष नजर रहेगी,अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्रवाई की गईं,वहीं धारा 170 BNSS के तहत 131 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई,संभावित रूप से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ धारा 126 और 135(3) BNSS के तहत 302 कार्रवाई की गई हैं। पुलिस ने न्यायालय में लंबित मामलों के वारंटों की तामिली पर भी विशेष जोर दिया,अभियान के दौरान 83 स्थाई वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए,इसके अलावा पुलिस की निगरानी सूची में शामिल 73 गुंडा-बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई है, ताकि त्योहारों के दौरान उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके,अभियान में यातायात और नशे से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की गई,स्टंटबाजी के 4 मामले, शराब के नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 एमवी एक्ट के तहत 30 कार्रवाई, आबकारी एक्ट के 7 मामले और एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 कार्रवाई की गई है।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने की तैयारी की है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी, अपराधियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

पुलिस की अपील

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। संदिग्ध गतिविधि, हथियारों का प्रदर्शन, नशे का कारोबार या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments