बिलासपुर 19 अगस्त 2026।बिलासपुर लखराम साक्षी गोपाल-निखिल कुंज गो सेवा समिति के तत्वावधान में लखराम स्थित ठाकुर देव परिसर में दो दिवसीय भव्य कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का गरिमामय शुभारंभ हुआ,ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और पारंपरिक भारतीय खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला,
कार्यक्रम का शुभारंभ साक्षी गोपाल आश्रम के वासूदेव महाराज (निखिल) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया,इसके बाद उत्साहपूर्ण माहौल में कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। मैदान में खिलाड़ियों के दमखम और खेल भावना ने उपस्थित दर्शकों में जोश भर दिया,समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बिलासपुर विभाग प्रचारक गणेश साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कबड्डी जैसे देशी खेल केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत नहीं करते, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं और इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विशिष्ट अतिथि प्रथम हॉस्पिटल एवं आराध्या हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय ने कहा कि युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐसे खेल आयोजनों की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
आयोजन में सूर्यवंशी समाज के प्रमुख प्रतिनिधि श्री रहस गरेवाल,अजय सूर्यवंशी सहित सुंदर साहू, रामप्रसाद साहू, शत्रुघ्न कुंभकार, प्रहलाद यादव, लक्ष्मी, कृष्ण यादव, हरवंश कस्तूरिया, इतवारी धीवर, पंकज पाण्डे सहित लखराम और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे,प्रतियोगिता के शुभारंभ से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
0 Comments