बिलासपुर 10 अगस्त 2026।बिलासपुर शहर में चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान के पास एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है, घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी,प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ऑटो चालक का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था, बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और इसी बीच आरोपी ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया, चाकू के वार से ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया,वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया,पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
साथ ही आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद हत्या की वजह सामने आ रही है, हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस वारदात के बाद एक बार फिर शहर में बढ़ती चाकूबाजी और खुलेआम होने वाली हिंसक घटनाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर शराब दुकानों और उनके आसपास विवाद तथा आपराधिक घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद हत्या की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम जुटी हुई है।
0 Comments