बिलासपुर 10 अगस्त 2026।बिलासपुर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। दुलहरा एवं खारंग जलाशय से जुड़े तीन महत्वपूर्ण सिंचाई कार्यों के लिए कुल ₹1277.22 लाख यानी ₹12 करोड़ 77 लाख 22 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूरा होने से नहरों का सुदृढ़ीकरण, सीसी लाइनिंग, जीर्णोद्धार और उन्नयन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सिंचाई अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में दुलहरा जलाशय के शीर्ष कार्य के सुदृढ़ीकरण एवं नहरों में सीसी लाइनिंग के लिए ₹487.82 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं खारंग जलाशय की बायीं तट मुख्य नहर के अंतर्गत खैरा डंगनिया माइनर, बाम्हु माइनर, अकलतरी माइनर, पिपरा माइनर और गड़वट माइनर के लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य के लिए ₹478.31 लाख स्वीकृत हुए हैं।इसके अलावा खारंग जलाशय अंतर्गत जलसों शाखा नहर एवं उससे जुड़े माइनरों के उन्नयन और नवीनीकरण के लिए ₹311.09 लाख की स्वीकृति मिली है। तीनों कार्यों को मिलाकर कुल ₹12.77 करोड़ की राशि सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर खर्च की जाएगी,इन कार्यों से लंबे समय से उपयोग में आ रही नहरों की स्थिति में सुधार होगा। नहरों की लाइनिंग से पानी के रिसाव को कम करने, जल प्रवाह को बेहतर बनाने और सिंचाई तंत्र की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ कृषि क्षेत्र और किसानों को मिलने की उम्मीद है।
किसानों के खेतों तक बेहतर सिंचाई पहुंचाना प्राथमिकता...
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल से स्वीकृत इन कार्यों को क्षेत्र के कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा का विकास केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के खेतों तक पर्याप्त और बेहतर सिंचाई सुविधा पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि दुलहरा और खारंग जलाशय से जुड़े इन कार्यों से सिंचाई अधोसंरचना मजबूत होगी और कृषि विकास को नई गति मिलेगी। “नहर मजबूत होगी, सिंचाई बेहतर होगी और किसान समृद्ध होंगे” के उद्देश्य के साथ क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और सुधार को प्राथमिकता दी जा रही है। कुल ₹12.77 करोड़ की यह स्वीकृति बेलतरा विधानसभा के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों ने सिंचाई व्यवस्था को मजबूती देने वाली इस सौगात के लिए प्रदेश सरकार और विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है।
0 Comments