बिलासपुर 31 जुलाई 2026।भाजपा बिलासपुर शहर जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय ने लोकसभा द्वारा लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किए जाने का स्वागत करते हुए इसे देश की परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक उन लाखों युवाओं के हितों की रक्षा करेगा, जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करना चाहते हैं।
दुर्गेश पाण्डेय ने कहा कि लंबे समय से पेपर लीक, संगठित नकल और परीक्षा माफियाओं की गतिविधियों ने ईमानदार अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे मामलों के कारण योग्य उम्मीदवारों का मनोबल टूटता था और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते थे। अब इस संशोधित कानून के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी,उन्होंने बताया कि संशोधित विधेयक में पेपर लीक और परीक्षाओं में अनुचित साधनों के उपयोग से जुड़े अपराधों के लिए कड़े दंड, त्वरित जांच और शीघ्र न्याय की व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है। साथ ही तकनीक के दुरुपयोग, डिजिटल माध्यमों से होने वाली धांधली और संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उनका कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य केवल दोषियों को दंडित करना नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, ईमानदारी और विश्वास को स्थापित करना है। भाजपा मीडिया सहप्रभारी ने कहा कि देश का प्रत्येक विद्यार्थी समान अवसर और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था का अधिकार रखता है। जब चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, तभी योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा और देश को प्रतिभाशाली मानव संसाधन प्राप्त होंगे,उन्होंने इसे केवल एक कानूनी संशोधन नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के विश्वास की पुनर्स्थापना का संकल्प बताया,दुर्गेश पाण्डेय ने विश्वास जताया कि इस विधेयक का प्रभावी और निष्पक्ष क्रियान्वयन सुनिश्चित होने पर पेपर लीक और परीक्षा संबंधी धांधलियों पर स्थायी अंकुश लगेगा,उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की परीक्षा प्रणाली को अधिक मजबूत, पारदर्शी और युवाओं के हितों के अनुरूप बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
0 Comments