बिलासपुर/रतनपुर 12 जुलाई 2026।रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे में देर रात चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने ढाबा संचालक और उसके कर्मचारी से मारपीट कर गल्ले से 4500 रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम, वारदात में प्रयुक्त चाकू तथा लाठी बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 484/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया,प्रार्थी आशीष गहलोत (36 वर्ष) निवासी रेस्ट हाउस के पास, रतनपुर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह नवापारा स्थित नेशनल हाईवे पर गहलोत ढाबा संचालित करता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 जुलाई की रात करीब 1 बजे विकास उर्फ विक्कू रावत (25 वर्ष), शनि उर्फ राजा कश्यप (22 वर्ष) और ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू (27 वर्ष) ढाबे पर पहुंचे और शराब की मांग करने लगे,शराब देने से मना करने पर तीनों ने विवाद शुरू कर दिया और चाकू निकालकर ढाबा संचालक को धमकाने लगे, बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ भी आरोपियों ने हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की,इसके बाद तीनों आरोपी गल्ले से 4500 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए,घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया,पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, उनकी निशानदेही पर लूट की पूरी रकम, चाकू और लाठी बरामद कर जब्त कर ली गई, पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
0 Comments