Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रेम संबंध में आई दरार बनी साजिश की वजह, प्रेमी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर खुद को भेजे अश्लील मैसेज, युवती गिरफ्तार...



बिलासपुर 21 जून 2026।बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी को बदनाम करने के लिए उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील और धमकीपूर्ण संदेश प्रसारित किए, इतना ही नहीं, युवती ने उन्हीं संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपकर झूठी शिकायत भी दर्ज करा दी, पुलिस की तकनीकी जांच में पूरा सच सामने आने के बाद आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार तिफरा निवासी संजय रात्रे ने 15 मई 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई,विवेचना के दौरान साइबर तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल की गहन जांच की गई,जांच में पता चला कि संजय रात्रे के नाम से संचालित फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का संचालन 26 वर्षीय प्रीति सूर्यवंशी कर रही थी। पुलिस ने पाया कि आरोपिया ने फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील संदेश प्रसारित किए और प्रार्थी को बदनाम करने की साजिश रची,जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया,पुलिस को पता चला कि प्रीति सूर्यवंशी ने 1 जनवरी 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय रात्रे के नाम से संचालित इंस्टाग्राम आईडी से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है और अश्लील तस्वीरें भेजी जा रही हैं। लेकिन तकनीकी जांच में यह खुलासा हुआ कि जिस आईडी की शिकायत की गई थी, उसका संचालन भी स्वयं प्रीति ही कर रही थी। उसने खुद को संदेश भेजकर उनके स्क्रीनशॉट तैयार किए और उसी आधार पर शिकायत दर्ज कराई थी, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पहले प्रेम संबंध में थे। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रविवार को आरोपिया प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments