बिलासपुर 22 जून 2026।बिलासपुर छठ घाट परिसर रविवार की शाम सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और उत्साह का केंद्र बन गया, जब पाटलिपुत्र सांस्कृतिक विकास मंच की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, हजारों श्रद्धालुओं और समाजजनों की उपस्थिति में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, समारोह को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने कहा कि संस्कृति समाज को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने मंच के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रवीण झा की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि पाटलिपुत्र मंच सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से नए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने नई टीम को समाजहित में कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं,कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, केंद्रीय जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे,शपथ ग्रहण के दौरान अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव सुधीर झा सहित उपाध्यक्ष, सह सचिव, संगठन सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण की शपथ ली। अपने संबोधन में प्रवीण झा ने कहा कि पाटलिपुत्र मंच किसी एक समाज का नहीं बल्कि सभी समाजों को जोड़ने वाला साझा सांस्कृतिक मंच है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व अब केवल बिहार और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पूरे समाज को जोड़ने वाला उत्सव बन चुका है।
विधायक अमर अग्रवाल ने मंच की 26 वर्षों की संघर्षपूर्ण यात्रा को याद करते हुए कहा कि एक छोटे प्रयास के रूप में शुरू हुई यह संस्था आज राष्ट्रीय पहचान बना चुकी है। वहीं अन्य वक्ताओं ने भी नई कार्यकारिणी से सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई,समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता रही, नई कार्यकारिणी ने छठ घाट परिसर को और विकसित करने तथा वर्षभर सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनाने का संकल्प भी दोहराया है।
0 Comments